
पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर।
कुशीनगर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार, 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई।शपथ ग्रहण के दौरान सभी पुलिसकर्मियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के साथ ही राष्ट्र की संप्रभुता के प्रति निष्ठावान रहने का संकल्प लिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्श आज भी राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने की प्रेरणा देते हैं।उन्होंने पुलिसकर्मियों से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र सेवा के प्रति सदैव समर्पित रहें। साथ ही जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा, क्षेत्राधिकारी कार्यालय वीरेंद्र कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।