
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हुए कई बेसिक शिक्षकों की पेंशन तीन महीने बाद भी शुरू नहीं हो सकी है। इसे लेकर उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने जिलाधिकारी संजय चौहान को छह सूत्रीय शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि बेसिक शिक्षा विभाग, वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय और संबंधित अधिकारियों की लापरवाही के कारण पेंशन पत्रावलियों का समय पर निस्तारण नहीं हो पाया। कई मामलों में आवश्यक दस्तावेजों और हस्ताक्षरों की कमी के चलते फाइलें अयोध्या मंडल से वापस हो गईं।जिला अध्यक्ष अब्दुल रसीद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयराम कनौजिया और महामंत्री रमाकांत मौर्य ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षक आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने डीएम से मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और लंबित पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराने की मांग की है।