
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। रक्तदान को महादान कहा जाता है और इस भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य रोटरी क्लब कुशीनगर पिछले कई वर्षों से लगातार कर रहा है। मानव सेवा के क्षेत्र में क्लब द्वारा संचालित रक्तदान अभियान आज जिले में एक प्रेरणादायी सामाजिक आंदोलन का रूप ले चुका है। विश्व रक्तदाता दिवस (14 जून) के अवसर पर क्लब की उपलब्धियां इस बात की गवाही देती हैं कि यदि समाज सेवा के लिए समर्पण और इच्छाशक्ति हो तो असंख्य लोगों के जीवन में उम्मीद की नई किरण जलाई जा सकती है।रोटरी क्लब कुशीनगर द्वारा अब तक आयोजित 19 रक्तदान शिविरों में कुल 782 यूनिट रक्त संग्रहित किया जा चुका है। यह रक्त जिले ही नहीं, बल्कि विभिन्न शहरों में उपचाररत मरीजों के लिए भी जीवनरक्षक साबित हुआ है। वर्ष 2021 में 17 रक्तदाताओं से शुरू हुई यह मुहिम वर्ष 2022 में 93, वर्ष 2023 में 171, वर्ष 2024 में 291, वर्ष 2025 में 163 और वर्ष 2026 में अब तक 47 रक्तदाताओं तक पहुंच चुकी है। यह बढ़ती संख्या समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता और विश्वास का प्रमाण है।क्लब के संस्थापक पूर्व अध्यक्ष एवं सह संरक्षक वाहिद अली इस अभियान के प्रमुख प्रेरणास्रोत रहे हैं। वे स्वयं अब तक 26 बार स्वैच्छिक रक्तदान कर चुके हैं। उन्होंने न केवल रक्तदान शिविरों के आयोजन में अग्रणी भूमिका निभाई, बल्कि जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त पहुंचाने और नए रक्तदाताओं को प्रेरित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।रक्तदान अभियान को सफल बनाने में क्लब के अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। दुर्गेश चतुर्वेदी ने 15 बार, अजय सिंह ने 14 बार, राजीव तिवारी और विजय कृष्ण द्विवेदी ने 11-11 बार तथा कई अन्य सदस्यों ने अनेक बार रक्तदान कर समाज सेवा की मिसाल पेश की है।रोटरी क्लब की सेवा जिले की सीमाओं से आगे बढ़ चुकी है। गुरुग्राम, बेंगलुरु, चेन्नई, वाराणसी, प्रयागराज, पश्चिमी चंपारण, गोरखपुर और देवरिया सहित विभिन्न शहरों में उपचाररत कुशीनगर के मरीजों को भी क्लब ने रक्त उपलब्ध कराकर संकट की घड़ी में सहारा दिया है।नवंबर 2024 में कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आयोजित विशेष रक्तदान शिविर ने भी खूब चर्चा बटोरी थी। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि सेवा कार्य के लिए स्थान नहीं, बल्कि समर्पण और मानवीय संवेदना महत्वपूर्ण होती है।विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब कुशीनगर ने सभी स्वस्थ नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान की अपील करते हुए कहा है कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। क्लब का यह अभियान आज सेवा, सहयोग और मानवता की ऐसी मिसाल बन चुका है, जो समाज में रक्तदान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।