
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या के रुदौली क्षेत्र में सोमवार रात एक नवजात शिशु का शव लावारिस हालत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। आजाद नगर चौराहे के पास देशी शराब ठेके के सामने शव पड़ा देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही रुदौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर उसे मर्चरी हाउस भेज दिया है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि शव को रात करीब 11 बजे सुरक्षित रखवाया गया है। नियमानुसार 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के कारणों और अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।पुलिस के अनुसार नवजात का शरीर पूरी तरह विकसित नहीं था, इसलिए अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह बालक था या बालिका। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ होगी।मामले की जांच के लिए पुलिस ने दो टीमें गठित की हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि नवजात को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। इसके अलावा आसपास के अस्पतालों, निजी नर्सिंग होम और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।