news-details

रक्षाबंधन पर झकरकट्टी बस अड्डे पर उमड़ी भारी भीड़

You can share this post!

 

कानपुर। रक्षाबंधन के पर्व पर मुफ्त बस यात्रा की सुविधा का लाभ लेने के लिए शुक्रवार को झकरकट्टी बस अड्डे पर सुबह से ही यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भाइयों को राखी बांधने के लिए घरों से निकलीं बहनों को बसों में जगह पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। लखनऊ, गोरखपुर और बनारस समेत विभिन्न रूटों पर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से बस अड्डे पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बनी रही।सुबह 10 बजे के बाद लखनऊ जाने वाली बसें स्टैंड पर पहुंचते ही यात्रियों से भर जा रही थीं। बस में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। कई महिला यात्रियों को सीट नहीं मिली और उन्हें खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी। छोटे बच्चों और सामान के साथ यात्रा करने वाले लोगों को भी बस में चढ़ने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।मुफ्त यात्रा की सुविधा का लाभ महिलाओं के साथ यात्रा कर रहे पुरुष यात्रियों को भी मिलने के कारण बस अड्डे पर पुरुष यात्रियों की संख्या भी अधिक रही। गोरखपुर और बनारस जाने वाले कई यात्रियों ने बताया कि वे घंटों से बस का इंतजार कर रहे हैं। यात्रियों का कहना था कि मुफ्त यात्रा की सुविधा अच्छी है, लेकिन पर्याप्त संख्या में बसें नहीं मिलने से त्योहार के दिन समय पर घर पहुंचना मुश्किल हो गया।यात्रियों ने बसों की कमी को लेकर नाराजगी भी जताई। एक महिला यात्री ने कहा कि कई घंटे से गोरखपुर जाने वाली बस का इंतजार किया जा रहा है।

 

हर बार बस आने की जानकारी दी जाती है, लेकिन यात्रियों को समय पर बस नहीं मिल पा रही है। उनका कहना था कि लंबी दूरी की यात्रा के लिए कई घंटे इंतजार करना पड़ रहा है।लखनऊ जाने वाली यात्री स्नेहा गुप्ता ने बताया कि वह करीब एक घंटे से बस का इंतजार कर रही हैं। जो भी बस आ रही है, वह तुरंत भर जा रही है। वहीं प्रीति गुप्ता ने बताया कि बस नहीं मिलने के कारण काफी परेशानी हो रही है और भीड़ में इंतजार करना मुश्किल हो रहा है।गोरखपुर जाने वाली विभा पांडेय ने बताया कि वह सुबह से बस का इंतजार कर रही हैं, लेकिन अभी तक गोरखपुर के लिए बस नहीं मिल सकी। अनुराधा ने कहा कि मुफ्त यात्रा की सुविधा जरूर दी गई है, लेकिन एक-दो घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। अनुज शुक्ला ने बताया कि वह पिछले दिन भी बनारस जाने के लिए बस पकड़ने आए थे, लेकिन बस नहीं मिलने पर वापस लौटना पड़ा। शुक्रवार को दोबारा आने के बाद भी उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।बस अड्डे पर यात्रियों की परेशानी सिर्फ बसों तक सीमित नहीं रही। प्रवेश द्वार के पास कई जगह जलभराव और गड्ढों के कारण यात्रियों को सामान और बच्चों के साथ आने-जाने में दिक्कत हुई।भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग के अधिकारी भी बस अड्डे पर मौजूद रहे। कर्मचारियों द्वारा लगातार अनाउंसमेंट कर यात्रियों को बसों के संचालन की जानकारी दी जाती रही। आरएम महेश कुमार और एआरएम पंकज तिवारी व्यवस्था संभालते नजर आए। एआरएम पंकज तिवारी ने बताया कि सुबह 9 बजे के बाद अचानक यात्रियों की संख्या बढ़ गई, जिसके बाद अतिरिक्त बसों की व्यवस्था कर यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने का प्रयास किया गया।