
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार को अमेठी और मुसाफिरखाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। उप जिलाधिकारी मुसाफिरखाना और सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय के नेतृत्व में टीम ने कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।मुसाफिरखाना स्थित पराग स्वीट्स कारखाने में जांच के दौरान करीब 40 किलो खोया फफूंद लगा और खाने योग्य नहीं मिला। खाद्य विभाग ने मौके पर ही खोया नष्ट करा दिया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 16 हजार रुपये बताई गई है। यहां से छेना मिठाई का नमूना भी लिया गया।इसके अलावा धनेशा राजपूत के प्रतिष्ठान से छेना और मिल्क केक तथा अमेठी के बंगाली स्वीट्स हाउस, किसान डेयरी गौरीगंज और मधुसूदन स्वीट्स एंड डेयरी से छेना मिठाई, खोया और कलाकंद के नमूने लिए गए। कुल सात नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।