news-details

सीडीओ ने सहकारी उर्वरक केंद्रों का किया निरीक्षण

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने मंगलवार को बहादुरपुर विकासखंड के सहकारी संघ फुरसतगंज और साधन सहकारी समिति निगोहा का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उर्वरक के स्टॉक, वितरण व्यवस्था और किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने की स्थिति का जायजा लिया।

फुरसतगंज केंद्र पर जलभराव और साफ-सफाई की व्यवस्था असंतोषजनक मिली। सीडीओ ने तत्काल सफाई और जल निकासी के निर्देश दिए। उर्वरक के भौतिक स्टॉक का ऑनलाइन अभिलेखों से मिलान किया गया। केंद्र पर पुरानी डीएपी का स्टॉक मिलने पर नियमानुसार नीलामी या निस्तारण की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने को कहा।

निगोहा समिति में भी जलभराव, खरपतवार और गंदगी मिलने पर सफाई कराने के निर्देश दिए गए। समिति में 1308 बोरी यूरिया उपलब्ध मिली, जबकि डीएपी का स्टॉक नहीं था। अधिकारियों ने बताया कि धनराशि जमा कर दी गई है और नया स्टॉक मिलते ही समिति को डीएपी उपलब्ध कराई जाएगी।

सीडीओ ने दोनों केंद्रों पर स्टॉक का नियमित भौतिक और ऑनलाइन सत्यापन कराने तथा निर्धारित दर पर खाद वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों से कोई अनधिकृत धनराशि न ली जाए और सभी अभिलेख अद्यतन रखे जाएं।