news-details

सीएम ग्रिड काम में लापरवाही पर नगर आयुक्त सख्त

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर।

कानपुर में चल रहे सीएम ग्रिड कार्यों में लापरवाही पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सख्त रुख अपनाया। मंगलवार को उन्होंने जोन-1 में ग्रीन पार्क चौराहे से परेड होते हुए घंटाघर तक सड़क का निरीक्षण किया। ग्रीन पार्क चौराहे के आसपास सड़क खुदाई से राहगीरों को हो रही परेशानी पर उन्होंने नाराजगी जताई। नगर आयुक्त ने संबंधित कार्यदायी संस्था मेसर्स कोनार्क एसोसिएट्स को स्मार्ट सिटी की एलईडी लाइट और पोल हटाकर तीन से चार दिन में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर बैरिकेडिंग, नियमित सफाई और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। ग्रीन पार्क से कृष्णा टावर की ओर सड़क किनारे मिले बड़े गड्ढे को लेकर अधिकारियों ने केस्को से शटडाउन नहीं मिलने की जानकारी दी। नगर आयुक्त ने जोनल अभियंता को केस्को अधिकारियों से समन्वय कर शटडाउन की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में काम पूरा नहीं हुआ तो संबंधित कार्यदायी संस्था को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। इसके अलावा मैकराबर्टगंज में प्रताप पेट्रोल पंप से राजीव पेट्रोल पंप तक निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त व्यू-कटर और फुटपाथ दुरुस्त कराने तथा घास वाले जालीदार ब्लॉक लगाने के निर्देश दिए।