
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) का 41वां दीक्षांत समारोह 9 जुलाई को वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के चेयरमैन एवं दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश कुमार सिंह होंगे। यह जानकारी कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने प्रेसवार्ता में दी।उन्होंने बताया कि समारोह में विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के कुल 1,07,635 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। इस वर्ष भी छात्राओं का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। कुल 96 पदकों में 79 पदक छात्राओं को दिए जाएंगे, जबकि 92 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी, जिनमें 50 छात्राएं शामिल हैं।समारोह में कच्छ की पारंपरिक चर्म शिल्प कला को वैश्विक पहचान दिलाने वाले शिल्पकार एवं उद्यमी अंचल पी. बिजलानी को मानद डॉक्टर ऑफ लेटर्स (डी.लिट.) की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही चार शिक्षकों को उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।दीक्षांत समारोह के दौरान किशोरियों के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु नि:शुल्क टीकाकरण अभियान भी चलाया जाएगा। इसके अलावा विश्वविद्यालय में नई शैक्षणिक एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा।