
अमेठी का विकास मायावती सरकार की देन: मकबूल
2027 में बनेगी बसपा सरकार: बबलू पांडेय
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। मिशन -2027-की सफलता के लिए संगठन निर्माण के क्रम में बसपा का गांव चलो अभियान जारी है। बसपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर बूथ एवं सेक्टर कमेटियों का पुनर्गठन कर रहे हैं। शुक्रवार को पोलिटिकल पावर की मास्टर चाबी हासिल करने के लिए बसपा पदाधिकारियों ने नगर क्षेत्र में जनसम्पर्क और बैठकें की। बैठक बिराहिनपुर, कटरा राजा हिम्मत सिंह और देवीपाटन में हुई।बहुजन समाज पार्टी के जिला उपाध्यक्ष बबलू पांडेय, पूर्व जिला प्रभारी संजय कुमार कोरी, बामसेफ के जिला संयोजक संजीव भारती के मार्गदर्शन में कमेटियों का पुनर्गठन किया गया। जिला उपाध्यक्ष बबलू पांडेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज वापस लाने के लिए बहन मायावती जी को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाना समय की जरूरत है। उन्होंने अपने मुख्यमंत्रित्व काल में अम्बेडकर ग्राम विकास योजना चलाकर गांवों का कायाकल्प किया। पांच हजार से अधिक विद्यालय खोले, सैकड़ों इंजीनियरिंग कॉलेज, डिग्री कालेज और तकनीकी शिक्षण संस्थान खोले। सफाई कर्मी का पद सृजित कर सर्वसमाज के गरीब परिवारों के एक लाख आठ हजार बेरोजगार युवाओं को नौकरी दी। बालिकाओं की शिक्षा में मदद के लिए सावित्री बाई शिक्षा मदद योजना संचालित की।पूर्व जिला प्रभारी संजय कुमार ने कहा कि बहन मायावती जी के शासन में गुंडे, माफिया और अपराधी प्रदेश छोड़कर भाग गए थे। उत्तर प्रदेश की जनता सपा और भाजपा दोनों का शासन देख चुकी है।गरीबी, मंहगाई, बेरोज़गारी, भ्रष्टाचार और खराब कानून व्यवस्था की समस्याएं दूर नहीं हुई हैं। योगी आदित्यनाथ जी के राज में चोर भगवान पर भी भारी हैं। भगवान राम के नाम पर वोट लेकर सरकार में आए लोग , अयोध्या में श्रीराम मंदिर को भी सुरक्षित नहीं रख पाए।विधानसभा अध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी की मुखिया बहन मायावती जी ने अपने शासनकाल में सर्वसमाज के हितों के लिए 26योजनाएं चलाईं थी। सपा और भाजपा की सरकार ने सभी योजनाओं को बंद कर दिया। विधानसभा उपाध्यक्ष श्याम कुमार ने कहा कि भाजपा, सपा और कांग्रेस तीनों पार्टियां जातिवादी और आरक्षण विरोधी हैं। सपा बहुजन समाज की सबसे बड़ी दुश्मन है।एस सी/एस टी कर्मचारियों को पदोन्नति में आरक्षण और ठेकेदारी में आरक्षण खत्म करने के साथ लाखों कर्मचारियों को रिवर्ट करने का काम किया और बहुजन महापुरुषों के नाम से बने जिलों को खत्म करने का काम किया है।सामाजिक भाईचारा कमेटी के विधानसभा संयोजक मकबूल भाई ने कहा कि बहन मायावती जी ने छत्रपति शाहू जी महाराज नगर के नाम से अमेठी को जिला बनाकर उत्तर प्रदेश के मानचित्र में एक नई पहचान दी और यहां की जनता के लिए विकास और रोजगार के नये अवसर प्रदान किए।कमलेश कुमार, ललित कुमार, रामफल, देवनारायण, विश्राम, सरजू पासी,गोपी किशन, गया प्रसाद, दिलीप कुमार, राजमती आदि मौजूद रहे।

"बसपा के संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया जा रहा है। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा और सपा के शासन को देख चुकी है। बहुजन समाज पार्टी की नीतियों और बहन मायावती जी के नेतृत्व पर लोगों का भरोसा बढ़ रहा है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर पार्टी को मजबूत करने का अभियान लगातार जारी रहेगा।"
— लक्ष्मण प्रसाद, विधानसभा अध्यक्ष, बसपा