
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर । गोसाईगंज थाना क्षेत्र के इनायतपुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।इनायतपुर निवासी तोय्यब पुत्र स्व. वकील अहमद के घर में शनिवार-रविवार की मध्य रात करीब 2 बजे के बाद चोरों ने सेंध लगाई। उन्होंने बंद कमरों के ताले और कुंडी तोड़कर अलमारी में रखे 2 लाख रुपये नकद, लगभग 65 लाख रुपये मूल्य के 45 तोले सोने के आभूषण और करीब 2 लाख रुपये मूल्य के 850 ग्राम चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।घटना का पता सुबह तब चला जब पीड़ित तोय्यब नमाज पढ़ने के लिए उठे और कमरों के ताले टूटे हुए देखे। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची यूपी 112 की टीम ने गोसाईगंज थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को घटना से अवगत कराया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। चोरी के खुलासे के लिए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच की। इसके साथ ही, पुलिस के साथ एसओजी टीम को भी लगाया गया है ताकि जल्द से जल्द चोरों का पता लगाया जा सके।