news-details

सामूहिक योगाभ्यास में जुटे अधिकारी और छात्र

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी।  अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य कार्यक्रम जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित किया गया, जबकि जिले की सभी तहसीलों, विकासखंडों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, स्टेडियम, पार्कों और अन्य प्रमुख स्थलों पर भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए।15 जून से 21 जून तक चलने वाले योग सप्ताह के पहले दिन बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और आमजन शामिल हुए। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है, जिसका उद्देश्य बढ़ती उम्र में लोगों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ एवं सक्रिय बनाए रखना है।मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विकास अधिकारी वीर भानु सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद योग प्रशिक्षकों धर्मेंद्र कुमार वर्मा और प्रेम सुधा सिंह ने आयुष मंत्रालय के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। इस अवसर पर योग प्रशिक्षक धर्मेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और व्यक्ति मानसिक रूप से भी मजबूत बनता है।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और योग साधक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। आयोजकों ने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।