news-details

स्मार्ट मीटर बना सिरदर्द, रिचार्ज के बाद भी अंधेरा

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur

घाटमपुर में गुरुवार को प्रीपेड स्मार्ट बिजली मीटरों को लेकर बड़ा विरोध देखने को मिला। 50 से अधिक महिलाएं और स्थानीय लोग एसडीएम कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए अपनी समस्याओं का ज्ञापन सौंपा। लोगों का आरोप है कि बिना सहमति के स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं और रिचार्ज कराने के बावजूद भी बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है।प्रदर्शन के दौरान एक महिला ने भावुक होकर बताया कि उन्होंने दो दिन पहले 2000 रुपये का रिचार्ज कराया था, इसके बावजूद उनकी बिजली काट दी गई, जबकि अगले ही दिन उनकी बेटी की शादी है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी सप्लाई बहाल नहीं हो सकी।घाटमपुर के कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल पहले से अधिक आने लगे हैं। समय पर भुगतान के बावजूद बैलेंस माइनस में चला जाता है, जिससे आर्थिक नुकसान हो रहा है। साथ ही, कई लोगों के पास स्मार्टफोन न होने के कारण उन्हें रिचार्ज और बैलेंस की सही जानकारी नहीं मिल पाती।प्रदर्शन में शामिल जन्मेजय, मुकेश दीक्षित, तराना, सुनील, अनुज गोस्वामी, ब्रह्मादीन पांडेय और पवन समेत अन्य लोगों ने स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाने की मांग की।मामले में अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि लोगों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं और विद्युत विभाग को जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।