

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। विधि छात्र मोर्चा और छात्र संघ बहाली मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को सोनम वांगचुक के समर्थन तथा शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कौशिक पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं ने भाग लिया।मार्च के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने, पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कानून बनाने तथा युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की भी मांग उठाई गई।छात्र नेताओं ने कहा कि लगातार पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के कारण युवाओं में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और इसका सम्मान किया जाना चाहिए।इस दौरान छात्र नेता शरद कनौजिया, अनुज त्रिपाठी, विनायक यादव, आकर्षण बाजपेयी, अनुज तिवारी और आनंद बाजपेयी सहित अन्य छात्र मौजूद रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि युवाओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।