news-details

सिपाही भर्ती परीक्षा: जीएस ने बढ़ाई अभ्यर्थियों की चुनौती

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। लखनऊ समेत प्रदेश के 75 जिलों में सोमवार से शुरू हुई उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के पहले दिन अधिकांश अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को संतुलित बताया। परीक्षार्थियों के अनुसार हिंदी और गणित के प्रश्न अपेक्षाकृत आसान रहे, जबकि जनरल स्टडीज (जीएस) के प्रश्न गहराई से पूछे गए, जिससे समय प्रबंधन में दिक्कत हुई।राजधानी लखनऊ में 55 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। तीन दिनों तक चलने वाली इस भर्ती परीक्षा के लिए 1 लाख 35 हजार 936 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। पहले दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थी प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ मध्य प्रदेश से भी परीक्षा देने पहुंचे।परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों की कई चरणों में जांच की गई, जिसमें बायोमेट्रिक सत्यापन, आइरिस स्कैनिंग और दस्तावेजों का मिलान शामिल रहा। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।चारबाग रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए नगर निगम ने अस्थायी रैन बसेरे की व्यवस्था की, जहां कूलर, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 32,679 पदों के लिए यह भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा 8 से 10 जून तक दो पालियों में होगी। प्रदेशभर के 1183 परीक्षा केंद्रों की निगरानी मुख्यालय स्थित कमांड कंट्रोल रूम से की जा रही है।परिवहन निगम ने अभ्यर्थियों को बस यात्रा में 50 प्रतिशत किराया छूट भी प्रदान की है, जिससे दूर-दराज से आने वाले युवाओं को राहत मिली है।