
पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया/कुशीनगर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित भारत संकल्प सम्मेलन के अंतर्गत आयोजित प्रबुद्ध जन गोष्ठी में उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री एवं कुशीनगर के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि देश के बुद्धिजीवी वर्ग ने जनजागरण और सकारात्मक संवाद के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत बनाने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को स्थिर एवं सशक्त सरकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में लगातार 12 वर्षों तक प्रधानमंत्री के रूप में सफल नेतृत्व करना प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता, जनविश्वास और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सरकार की सोच हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की रही है।मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है, जबकि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) ने भ्रष्टाचार और बिचौलियों की भूमिका समाप्त कर पारदर्शिता को बढ़ावा दिया है। किसान सम्मान निधि सहित अनेक योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है।उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों जरूरतमंद परिवारों को पांच लाख रुपये तक की निःशुल्क स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं सौभाग्य योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।दारा सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर पात्र लोगों तक उनका लाभ पहुंचाया है। केंद्र और प्रदेश सरकार की डबल इंजन व्यवस्था ने विकास एवं जनकल्याण को नई गति प्रदान की है।उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनसेवा के नए आयाम स्थापित किए हैं तथा आज देश विश्व पटल पर एक मजबूत, आत्मविश्वासी और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।इस अवसर पर विजय कुमार दुबे, आर पी एन सिंह, सावित्री जायसवाल, मनीष जायसवाल, विवेकानंद पांडेय, विनय प्रकाश, मोहन वर्मा, पी.एन. पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार राय, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।