
Pardarshi Vikas News Hamirpur
आज संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में संत निरंकारी सत्संग भवन हमीरपुर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें ब्लड बैंक हमीरपुर के अनुभवी चिकित्सकों एवं उनकी टीम ने रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से रक्तदान प्रक्रिया संपन्न कराई। शिविर में हमीरपुर, सुमेरपुर, मौदहा, बिंवार, ककरऊ सहित जिले भर के निरंकारी भक्तों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। ब्लड बैंक हमीरपुर को आवश्यकतानुसार 29 यूनिट रक्त प्राप्त हुआ, जबकि लगभग 30 अन्य भक्तों का आवश्यकता पड़ने पर रक्तदान हेतु पंजीकरण किया गया।संत निरंकारी मंडल के जिला संयोजक महात्मा क्रांति कुमार निरंकारी ने बताया कि युगप्रवर्तक बाबा गुरबचन सिंह की स्मृति में “मानव एकता दिवस” के अवसर पर 24 अप्रैल से वर्षभर चलने वाली सेवा सरिता का शुभारंभ हुआ है। इसके अंतर्गत देशभर में लगभग 705 स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि पिछले चार दशकों से यह पावन परंपरा निरंतर जारी है। अब तक 9,174 रक्तदान शिविरों के माध्यम से लगभग 15 लाख यूनिट रक्त एकत्र किया जा चुका है, जो मानव सेवा के प्रति निरंकारी मिशन की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, सतर्कता और सेवा भाव का विशेष ध्यान रखा गया। शिविर में जिले भर से पहुंचे सैकड़ों निरंकारी भाई-बहनों ने भाग लेकर मानवता की मिसाल पेश की।