
PARDARSHI VIKASH NEWS वाराणसी। श्री भागवत चार धाम सेवा समिति, कोलकाता द्वारा काशी के बालाजी पैलेस में सात दिवसीय शिव पुराण कथा का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में कोलकाता, दरभंगा, सूरत, दिल्ली, गुवाहाटी और बेंगलुरु सहित विभिन्न शहरों से श्रद्धालुओं ने भाग लेकर कथा श्रवण किया। कथा के दौरान भक्तों ने काशी विश्वनाथ मंदिर, काल भैरव, संकट मोचन और मां अन्नपूर्णा के दर्शन भी किए। आयोजन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक यात्राओं से जोड़कर उनमें नई ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का संचार करना बताया गया। संस्था पिछले 30 से 35 वर्षों से देशभर में रामायण, भागवत और शिव पुराण कथाओं का आयोजन कर रही है और अब देवी भागवत कथा के आयोजन का संकल्प भी लिया गया है। संस्था से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि कोलकाता में पाकुड़िया सालासर धाम नामक हनुमान मंदिर का निर्माण कराया गया है, जहां निरंतर धार्मिक अनुष्ठान और हनुमान चालीसा पाठ आयोजित किए जाते हैं। यहां प्रतिवर्ष 108 रामचरितमानस पाठ और विशेष हवन-पूजन कार्यक्रम भी किए जाते हैं। संस्था ने आगामी समय में सवा करोड़ हनुमान चालीसा पाठ के आयोजन का संकल्प लिया है, जिसका उद्देश्य विश्व शांति और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना बताया गया है।