
Pardarshi Vikas News Lucknow
लखनऊ के वीवीआईपी गेस्ट हाउस में महामंडलेश्वर साध्वी निरंजन ज्योति के प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। हाल ही में उन्हें राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद यह पहला सार्वजनिक कार्यक्रम था, जिसमें विभिन्न संगठनों और पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया और नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
स्वागत समारोह का आयोजन राष्ट्रीय निषाद संघ और नेशनल एसोसिएशन ऑफ फिशरमेन की ओर से किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष कैलाश नाथ निषाद ने किया। इस दौरान अतिथियों ने फूल-मालाओं और अभिनंदन के साथ उनका स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की।

कार्यक्रम में डीएनटी डेवलपमेंट फाउंडेशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष एवं संतोष पाल सिंह, हरबंस सिंह, ध्रुव सिंह बघेल और लखनऊ के पार्षद नागेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि साध्वी निरंजन ज्योति के नेतृत्व में पिछड़े वर्गों के उत्थान, अधिकारों की सुरक्षा और सामाजिक न्याय की दिशा में प्रभावी कार्य होंगे।
वक्ताओं ने उनके अनुभव और सामाजिक सरोकारों को रेखांकित करते हुए विश्वास जताया कि वे अपने नए पद पर रहते हुए समाज के वंचित वर्गों के लिए नई योजनाएं और नीतियां लेकर आएंगी।
समारोह के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर उनके सफल और उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर सामाजिक समरसता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प भी लिया।