
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा। वृंदावन कोतवाली क्षेत्र के सुनरख गांव में शुक्रवार सुबह एक साधु वेशधारी ने वन विभाग के संविदाकर्मी पर धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।सुनरख गांव निवासी देवेंद्र गौतम सौभरी वन में बैठे मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे साधु वेशधारी ने बिना किसी विवाद के उन पर गर्दन, हाथ और कान पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से देवेंद्र घायल हो गए। उनके शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकला।घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद घायल देवेंद्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।पीड़ित ने वृंदावन कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी साधु वेशधारी पहले भी रमण रेती क्षेत्र के एक कॉम्प्लेक्स में हंगामा करने के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। जमानत पर रिहा होने के बाद उसने दोबारा हमला किया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।