
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। जनगणना-2027 में स्व-गणना को सफल बनाने के लिए अपर जिलाधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसरों से सहयोग की अपील की। जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन में बुधवार को आयोजित बैठक में उन्होंने जनगणना की प्रक्रिया, समय-सारणी और गोपनीयता की जानकारी दी।अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 16 से 30 नवंबर 2026 तक नागरिकों को स्व-गणना का अवसर मिलेगा। इस दौरान लोग निर्धारित पोर्टल पर स्वयं लगभग 40 प्रश्नों के उत्तर दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक और सुपरवाइजर घर-घर जाकर जनगणना करेंगे।
उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यक्रमों के निर्माण में सहायक होते हैं। नागरिकों की ओर से दी गई जानकारी की गोपनीयता का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसरों से अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों से बचाते हुए लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने का आग्रह किया।अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना में कोई भी पात्र व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए प्रशासन के साथ नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। बैठक में अपर जिला सूचना अधिकारी ओमवीर सिंह, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र सिंह सहित सोशल मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।