news-details

सेवा ज्योति यात्रा से गूंजा विकसित भारत का संकल्प

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़  कुशीनगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जिला स्टेडियम, रविंद्रनगर धूस में ‘सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा’ का जिला स्तरीय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा काल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को विकसित भारत @2047 के संकल्प से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में सांसद विजय कुमार दुबे, विधायकगण, अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और आमजन ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम स्थल पर विशाल रंगोली के जरिए सामाजिक सहभागिता, जनसेवा और जनकल्याण का संदेश दिया गया। विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया।सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि सेवा का भाव समाज, राष्ट्र, गरीब, किसान और महिलाओं के सम्मान से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति संकल्प अभियान के माध्यम से समाज और राष्ट्र सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी गरीबों, किसानों और राष्ट्रहित में सेवा की प्रेरणा मिलती है।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अतिथियों ने सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की। उपस्थित लोगों ने जनकल्याणकारी कार्यों में सहभागिता और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने का संकल्प लिया। इसके बाद सेवा ज्योति यात्राओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यात्राओं के माध्यम से सेवा, विकास और जनभागीदारी का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने का उद्देश्य रखा गया।