news-details

सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में 3 गिरफ्तार, बिहार-यूपी से दबोचे गए संदिग्ध

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में पश्चिम बंगाल CID को बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसी ने बिहार और उत्तर प्रदेश से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के बक्सर निवासी मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य, जबकि उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी राज सिंह शामिल हैं। राज सिंह को शार्प शूटर बताया जा रहा है। तीनों को सोमवार सुबह गिरफ्तार करने के बाद पश्चिम बंगाल ले जाया गया।42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ की 6 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में हुई थी। हमलावरों ने उनकी स्कॉर्पियो कार का रास्ता रोककर कई राउंड फायरिंग की थी। चंद्रनाथ को सीने और पेट में तीन गोलियां लगी थीं।प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हत्या में सुपारी किलर्स के शामिल होने की आशंका जताई थी। जांच में सामने आया कि पूरी वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई और इसमें प्रोफेशनल शूटर शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने घटनास्थल से एक संदिग्ध कार बरामद की थी, जिससे चंद्रनाथ की गाड़ी का पीछा किया गया था। जांच में कार की नंबर प्लेट फर्जी निकली, जबकि चेसिस और इंजन नंबर भी मिटाए गए थे। वारदात में दो बाइक के इस्तेमाल की बात सामने आई थी, जिनमें से एक बाइक घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर दूर एक चाय की दुकान के पास बरामद हुई। उस पर भी फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर लगा था।जांच एजेंसियों के मुताबिक हमलावरों ने ग्लॉक 47X पिस्टल जैसे आधुनिक हथियार का इस्तेमाल किया था। पुलिस का मानना है कि इस तरह का हथियार और हमले का तरीका किसी प्रशिक्षित शूटर की ओर इशारा करता है।चंद्रनाथ रथ पहले एयरफोर्स में अधिकारी थे। वीआरएस लेने के बाद उन्होंने कुछ समय कॉर्पोरेट सेक्टर में काम किया और बाद में राजनीति से जुड़ गए। ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस में रहते समय से ही वे सुवेंदु अधिकारी के करीबी माने जाते थे। वर्ष 2019 में वे सुवेंदु की आधिकारिक टीम का हिस्सा बने, जब सुवेंदु राज्य सरकार में मंत्री थे।चंद्रनाथ की मां हाशी रथ भी पहले तृणमूल कांग्रेस से जुड़ी थीं, लेकिन 2020 में सुवेंदु अधिकारी के साथ भाजपा में शामिल हो गई थीं। चंद्रनाथ को शांत स्वभाव और लो-प्रोफाइल व्यक्तित्व के लिए जाना जाता था। कई वर्षों तक सुवेंदु के करीबी होने के बावजूद वे सार्वजनिक चर्चा से दूर रहे।जांच के अनुसार, हत्या वाली रात चंद्रनाथ रथ कोलकाता से मध्यमग्राम स्थित अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे उनकी स्कॉर्पियो CCTV कैमरे में दिखाई दी। कुछ देर बाद एक कार और दो बाइक पर सवार लोग उनकी गाड़ी का पीछा करते नजर आए। करीब 10:30 बजे दोहरिया जंक्शन के पास हमलावरों ने उनकी गाड़ी रुकवाई और ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए।