news-details

स्वच्छ भारत, स्वच्छ कुशीनगर अभियान को मिली नई मजबूती

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो  कुशीनगर। नगर पालिका परिषद कुशीनगर द्वारा स्वच्छता और जनसुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए वार्ड नंबर 21 बुद्ध नगरी में आधुनिक सार्वजनिक टॉयलेट का लोकार्पण किया गया। यह सुविधा कुशीनगर गेट से लगभग 100 मीटर आगे स्थापित की गई है, जिसे अब आम जनता के उपयोग हेतु समर्पित कर दिया गया है।इस अवसर पर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष किरण राकेश जायसवाल ने कहा कि “एक स्वच्छ कुशीनगर, जहां हर नागरिक स्वच्छता को अपना कर्तव्य समझे और शहर को साफ-सुथरा बनाने में अपना योगदान दे,” यही इस अभियान का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका लगातार जनसुविधाओं के विस्तार और शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने के लिए कार्य कर रही है।नव निर्मित आधुनिक टॉयलेट स्थानीय नागरिकों, तीर्थयात्रियों तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर स्वच्छता सुविधा प्रदान करेगा। यह पहल “स्वच्छ भारत अभियान” और “स्मार्ट सिटी मिशन” की भावना को आगे बढ़ाने वाली मानी जा रही है।नगर पालिका परिषद के इस प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी शहर में इसी प्रकार की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे कुशीनगर की पहचान एक स्वच्छ और व्यवस्थित नगर के रूप में और मजबूत हो सके।इस दौरान नगर पालिका परिषद के सभासदगण, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका कर्मचारी, स्थानीय नागरिक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।