
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। पडरौना नगर पालिका परिषद के जलकल भवन में बुधवार को स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें सुरक्षा उपकरण वितरित किए गए। साथ ही आयुष्मान कार्ड, वृद्धावस्था और विधवा पेंशन से संबंधित सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल के प्रतिनिधि मनीष बुलबुल जायसवाल ने किया। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके नियमित प्रयासों से नगर को स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिलती है। उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सफाई मित्रों की स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान उन्हें सफाई कार्य करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करने और सुरक्षा उपकरणों का नियमित इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा उपकरणों के प्रयोग से कार्य के दौरान होने वाले जोखिम को कम किया जा सकता है।शिविर में पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के साथ वृद्धावस्था और विधवा पेंशन से संबंधित कार्य भी किए गए। इसके अलावा सफाई मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर स्टोर लिपिक महेंद्र चौधरी, अभय मारोदिया, सफाई नायक अनिल कुमार सहित नगर पालिका के कर्मचारी, सफाई मित्र और लाभार्थी मौजूद रहे।