
औरैया में देशभक्ति गीतों से गूंजा सभागार, चार विद्यालयों ने लिया हिस्सा
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। भारत विकास परिषद पांचाल प्रांत की प्रांतीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता चौधरी विशंभर सिंह भारतीय बालिका इंटर कॉलेज के सभागार में आयोजित हुई। औरैया शाखा के आतिथ्य में हुए कार्यक्रम में चार विद्यालयों की टीमों ने देशभक्ति गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल, इटावा की सरस्वती टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नारायण कॉलेज ऑफ आर्ट एंड साइंस की कावेरी टीम दूसरे और ज्योति एकेडमी पब्लिक स्कूल, भरथना की यमुना टीम तीसरे स्थान पर रही।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीएम सदर ब्रह्मानंद कठेरिया सहित अन्य अतिथियों ने भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन हुआ।प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अर्चना दुबे, सत्यम सिंह भदौरिया और डॉ. गुरु प्रताप सिंह ने निभाई। प्रतिभागियों ने अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुतियां दीं। निर्णायकों ने हिंदी, संस्कृत और लोकगीतों के आधार पर टीमों का मूल्यांकन किया।समापन पर प्रतिभागियों और निर्णायकों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों में देशभक्ति, संस्कार और अनुशासन विकसित करने वाला बताया। कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय महासचिव आलोक रायजादा ने किया।