

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रकाश पाल ने शनिवार को नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के राजनीतिक दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सपा अपनी पुरानी छवि से बचने के लिए पीडीए का सहारा ले रही है। राज्यसभा चुनाव में तीन सीटों पर चुनाव लड़ने का साहस नहीं दिखाने वाले अखिलेश यादव 403 विधानसभा सीटों पर जीत की बात कर रहे हैं। प्रकाश पाल ने शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत और कानपुर से जुड़ाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कानपुर की धरती से उन्होंने वर्ष 1980 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक के रूप में कार्य शुरू किया और 1988 में संघ प्रचारक के रूप में सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। इसी धरती ने उन्हें संगठन, राष्ट्रसेवा और जनसेवा की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प राष्ट्रहित और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करना है।प्रेस वार्ता में प्रकाश पाल ने कहा कि अखिलेश यादव के बयानों और राजनीतिक दावों में बड़ा अंतर है। उनके अनुसार जनता राजनीतिक दलों के दावों और उनके आचरण को समझती है। उन्होंने तथाकथित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि ऐसे राजनीतिक प्रयोग लोकतंत्र का मजाक बनाने का काम करते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ऐसे समूहों की आड़ लेकर इंडी गठबंधन देश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने का प्रयास कर रहा है।लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं के विषय में प्रकाश पाल ने कहा कि विरोध और असहमति लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता कमजोर करने का प्रयास उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना प्रत्येक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है।कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए प्रकाश पाल ने आंदोलन के दौरान महिला पुलिसकर्मी के साथ कथित अभद्र व्यवहार की घटनाओं को गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीतिक गतिविधियों पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि उनके राजनीतिक तौर-तरीकों से देश में अस्थिरता का माहौल बनता है। उन्होंने यह आशंका भी जताई कि ऐसी गतिविधियों से विदेशी शक्तियों को लाभ पहुंच सकता है।प्रकाश पाल ने कहा कि देश का युवा जागरूक है और राजनीतिक दलों के बयानों, आचरण तथा उनकी मंशा पर नजर रखता है। लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता का होता है और मतदाता राष्ट्रहित, विकास तथा स्थिरता जैसे मुद्दों को ध्यान में रखकर अपना फैसला करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ जनता के बीच लगातार काम करते रहेंगे।प्रेस वार्ता में क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने प्रेस वार्ता का संचालन किया।