
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर । शनिवार को लंभुआ क्षेत्र में बढ़ती जनसमस्याओं और बदहाल बिजली व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन जितेंद्र वर्मा उर्फ बाजीगर वर्मा के नेतृत्व में किया गया। सपा नेताओं ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक सात सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम लंभुआ को सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ रहे पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। महंगाई चरम पर है, जिससे गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी और मध्यमवर्गीय परिवार गहरे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उनका कहना था कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल रही है।विधानसभा लंभुआ, तहसील लंभुआ सहित पूरे जनपद में अघोषित बिजली कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। घंटों बिजली गुल रहने के कारण बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और आम नागरिक इस भीषण गर्मी में परेशान हैं। लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच जनता को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।प्रदर्शनकारियों ने नीट परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक होने को देश के लगभग 22 लाख प्रतिभाशाली छात्रों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ बताया। उन्होंने कहा कि यह युवाओं के सपनों और उनकी मेहनत पर सीधा हमला है, और भाजपा सरकार की भ्रष्ट व लापरवाह व्यवस्था ने युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है।क्षेत्र का किसान इस समय खाद की भारी किल्लत से जूझ रहा है, जिसका सीधा प्रभाव कृषि व आगामी फसलों पर पड़ रहा है। नहरों में पानी न आने के कारण किसानों को खेतों की सिंचाई करने और पशुओं को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।आदर्श नगर पंचायत लंभुआ के वार्ड नंबर 4, कृष्णानगर (परसरामपुर) में बिजली आपूर्ति के लिए 100 से 200 मीटर दूर से खुले केबल खींचकर विद्युत आपूर्ति की जा रही है, जिससे हमेशा दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि यहां तत्काल बिजली के खंभों (पोल) की व्यवस्था कराई जाए।इस दौरान सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार यादव (भजन प्रधान), जिला सचिव जसवीर राम, अशोक यादव (लंकेश), राधेश्याम वर्मा, रणजीत यादव पूर्व प्रधान, सत्यनारायण पाल (सचिव), शहाबुद्दीन खान, अमर बहादुर यादव, अनिल यादव, सुग्रीव निषाद (सेक्टर प्रभारी), रमेश कुमार यादव, बृजेश यादव, मुकेश यादव आदि मौजूद रहे।