news-details

सरकारी इमारत में लगी भीषण आग, 18 दमकल ने पाया काबू

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़  लखनऊ।   हजरतगंज स्थित चार मंजिला सरकारी भवन जवाहर भवन में सोमवार सुबह करीब 9:53 बजे भीषण आग लग गई। आग चौथी मंजिल पर स्थित कैंटीन में लगी, जिसके बाद देखते ही देखते लपटें और धुएं ने पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना का काला धुआं करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। आग बुझाने के लिए दमकल की 18 गाड़ियों को लगाया गया। करीब एक घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। राहत कार्य के दौरान फायर कर्मियों ने आसपास की इमारतों और भवन से 50 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग को अन्य मंजिलों और आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक लिया गया। अभियान के दौरान ऑक्सीजन मास्क पहनकर फायरकर्मी धुएं से भरे भवन के अंदर पहुंचे और अंतिम रेस्क्यू अभियान चलाया। आग बुझाने के दौरान भवन की ऊपरी छत की बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। हालांकि उस समय नीचे कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जिलाधिकारी विशाख जी., संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उपमुख्यमंत्री ने भवन की स्थिति की जांच कराने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि भवन जर्जर पाया जाता है तो उसके विकल्प पर विचार किया जाएगा।फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मौके पर हाइड्रेंट सिस्टम और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।फिलहाल फायर विभाग और संबंधित एजेंसियां आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही हैं। साथ ही भवन को हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।  
 


"मैं पीडब्ल्यूडी कार्यालय में चौकीदार हूं। सुबह अचानक चौथी मंजिल की कैंटीन से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। राहत की बात रही कि उस समय दफ्तर में ज्यादा कर्मचारी नहीं पहुंचे थे, इसलिए बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के दौरान भवन का एक छज्जा भी गिर गया, लेकिन उस समय नीचे कोई मौजूद नहीं था, वरना गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।"-चौकीदार सूरज
 


"जवाहर भवन की चौथी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। भवन के छज्जे का एक हिस्सा गिरा है, जिसकी जांच के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) को निर्देश दिए गए हैं। यदि जांच में भवन जर्जर पाया जाता है तो उसके विकल्प पर भी उचित निर्णय लिया जाएगा।"-डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक