
पारदर्शी विकास न्यूज़। गोंडा जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित सरयू कटरा घाट पर डूबे 17 वर्षीय निशांत तिवारी का शव गुरुवार सुबह करीब 11 बजे, 19 घंटे की तलाश के बाद नदी से बरामद कर लिया गया। बताया गया कि बुधवार शाम वह अपने दोस्तों अभय दुबे, उत्तम, अमर पांडे और शुभम जायसवाल के साथ नदी में नहाने गया था। इसी दौरान मोबाइल से रील बनाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आरोप है कि निशांत को डूबता देख उसके दोस्त उसे बचाने के बजाय मौके से भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने देर रात तक सर्च अभियान चलाया और गुरुवार सुबह शव बरामद किया। शव के चेहरे का कुछ हिस्सा नदी में जलीय जीवों द्वारा क्षतिग्रस्त पाया गया। घटना की सूचना मिलने पर अमृतसर में मजदूरी कर रहे निशांत के पिता अंजनी तिवारी भी गोंडा पहुंच गए। करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही किशोर के साथ मौजूद दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।