
PARDARSHI VIKASH NEWS Yogi Adityanath ने बकरीद से पहले सड़कों पर नमाज को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक सड़कों पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि नमाज तय स्थानों पर ही पढ़ी जाए और यदि संख्या अधिक हो तो लोग शिफ्ट में नमाज अदा करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार नमाज के खिलाफ नहीं है, लेकिन सड़क पर भीड़ जुटाकर यातायात बाधित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। योगी ने कहा कि सड़कें आम लोगों के आने-जाने के लिए होती हैं, न कि धार्मिक आयोजन या अराजकता फैलाने के लिए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी को कानून का पालन करना होगा और व्यवस्था के भीतर रहना होगा। मुख्यमंत्री ने बरेली की 2025 की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां लोगों ने “हाथ आजमाया” था और सरकार की कार्रवाई भी देख ली। साथ ही उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, निवेश और विकास का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब “कट्टा और बम” की पहचान से निकलकर ब्रह्मोस मिसाइल और निवेश का केंद्र बन रहा है। योगी ने दावा किया कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा बेहतर हुई है और यूपी अब “बीमारू राज्य” नहीं बल्कि रेवेन्यू सरप्लस राज्य बन चुका है।