
PARDARSHI VIKASH NEWS औरैया के दिबियापुर थाना क्षेत्र के बैसुंधरा गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 46 वर्षीय महिला की बंबे में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतका की पहचान फूलन देवी पत्नी राधाचरण के रूप में हुई है। वह गांव के सामुदायिक शौचालय में केयरटेकर के पद पर कार्यरत थीं। परिजनों के अनुसार, फूलन देवी रोजाना की तरह सुबह शौचालय खोलने के लिए घर से निकली थीं। शौचालय के पास पहुंचने के दौरान उनका पैर अचानक फिसल गया, जिससे वह पास से गुजर रहे बंबे में जा गिरीं। गिरते समय उनके सिर में गंभीर चोट लग गई, जिसके कारण वह बेहोश हो गईं और पानी में डूब गईं।करीब दो घंटे बाद जब उनके पति राधाचरण शौचालय पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। पत्नी के न मिलने पर उन्होंने आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान बंबे में एक शव उतराता दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर शव फूलन देवी का निकला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्रवाई पूरी की। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।