
निर्वाण सेवा संस्थान की संगोष्ठी में शिक्षा, संस्कार और पर्यावरण पर हुई चर्चा
पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया, कुशीनगर। नगरपालिका परिषद कुशीनगर अंतर्गत सरदार पटेल पूर्व माध्यमिक विद्यालय, सिसवा-महंथ के सभागार में निर्वाण सेवा संस्थान, कुशीनगर द्वारा आयोजित शैक्षणिक एवं पर्यावरणीय संगोष्ठी में शिक्षकों को सम्मानित किया गया तथा बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरित कर शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमोद कुमार सिंह ने कहा कि नैतिकता, संस्कार और अनुशासनयुक्त शिक्षा ही बच्चों को भविष्य का आदर्श नागरिक बनाती है। उन्होंने भीषण गर्मी के दौरान विद्यालय की छुट्टियों में बच्चों को घर पर सुरक्षित एवं सकारात्मक गतिविधियों में समय बिताने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। कार्यक्रम में वक्ताओं ने संस्कारिक शिक्षा, स्वच्छता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और सामाजिक मूल्यों पर अपने विचार रखे। रविन्द्र सिंह और विश्वनाथ प्रसाद कुशवाहा ने बच्चों के सर्वांगीण विकास में संस्कारों की भूमिका पर चर्चा की। वहीं शिक्षिका सुनीता ने महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा संबंधी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर छात्राओं को जागरूक किया।कार्यक्रम का संचालन कर रहे समन्वयक हृदयानन्द शर्मा ने संस्थान की ओर से प्रधानाध्यापक अमोद कुमार सिंह को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और डायरी भेंट कर सम्मानित किया। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सूर्य प्रताप सिंह, आयुष सिंह, रीना मिश्रा, शिला सिंह, आंचल कुशवाहा, अर्चना यादव, रानी सिंह, निधि सिंह, सबिता सिंह, रंजना सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।