
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में औरैया के होटल पैराडाइज और दिबियापुर के वेदिका पैलेस में शिक्षक-स्नातक एमएलसी मतदाता केंद्र बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और मतदाताओं से प्रभावी संपर्क स्थापित करने पर जोर दिया। राम किशोर साहू ने कहा कि संगठन की ताकत समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत संपर्क व्यवस्था है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पूरी निष्ठा और सक्रियता से काम करे। शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं से घर-घर संपर्क और संवाद स्थापित कर उनकी अपेक्षाओं तथा समस्याओं को समझना जरूरी है। साथ ही उन्हें संगठन की नीतियों और विचारधारा से अवगत कराया जाए। क्षेत्रीय महामंत्री आनंद सिंह और शिव सिंह भारती ने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा उसकी प्रमुख ताकत है। मतदाता केंद्र स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता से संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी बनाया जा सकता है। जिला प्रभारी दिनेश बाजपेई ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने मतदाता केंद्र स्तर पर संपर्क अभियान को प्रभावी बनाने और सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की।बैठक में पूर्व राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता, यशवीर सिकरवार, कुलदीप दुबे, कौशल राजपूत, भूरे चौबे, सौरभ भूषण शर्मा, लल्ला शर्मा, मनु राजपूत, विशाल शुक्ला सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।