news-details

शैक्षणिक भ्रमण पर हिमालय पहुंचे लखनऊ के पांच युवा

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़  लखनऊ। उच्च शिक्षा में व्यावहारिक ज्ञान और अनुभव आधारित अध्ययन के उद्देश्य से लखनऊ के पांच युवाओं यश तिवारी, वेद प्रकाश, दीपांशु मिश्रा, मो. सुहैल और आकाश सिंह ने उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले की दारमा वैली, दन्तु गांव, पंचाचूली पर्वत श्रृंखला, आदि कैलाश, ओम पर्वत और मुनस्यारी का भ्रमण किया। ट्रैवल एजेंसी ‘पहाड़ी फुटप्रिंट’ की निदेशिका युक्ता पाल ने यात्रा की जिम्मेदारी संभाली, जबकि पिथौरागढ़ के बादल नेगी ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए प्रमुख स्थलों की जानकारी दी। यात्रा के दौरान युवाओं ने हिमालय की भौगोलिक विविधता, प्राकृतिक संपदा, स्थानीय संस्कृति और पर्वतीय जीवनशैली को करीब से जाना। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान माइनस 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के बीच यह सफर उनके लिए रोमांचक और यादगार रहा। ओम पर्वत की बर्फ से उभरती ‘ॐ’ जैसी प्राकृतिक आकृति, पंचाचूली की भव्य चोटियों और मुनस्यारी की सुरम्य वादियों ने विशेष आकर्षित किया। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य पुस्तकीय ज्ञान को प्रत्यक्ष अनुभव से जोड़ना तथा युवाओं में हिमालयी भूगोल, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत के प्रति समझ विकसित करना रहा। युवाओं ने यात्रा में सहयोग के लिए पिथौरागढ़ प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हिमालयी क्षेत्रों की प्राकृतिक विरासत को पहचान दिलाने के साथ जिम्मेदार पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए।