news-details

श्री रंगनाथ मंदिर के फूल बंगले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS वृंदावन के प्रसिद्ध दक्षिण भारतीय शैली के श्री रंगनाथ मंदिर में गुरुवार शाम श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। साल में केवल एक बार सजने वाले विशेष फूल बंगले में विराजमान ठाकुर गोदारंगमन्नार के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर भगवान रंगनाथ के जयकारों से गूंज उठा और देर शाम तक दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। ग्रीष्म ऋतु में भगवान को शीतलता प्रदान करने की परंपरा के तहत मंदिर में हर वर्ष भव्य फूल बंगला सजाया जाता है। इस बार भी देशी सुगंधित और शीतलता देने वाले फूलों से सजे बंगले ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।फूल बंगले की सजावट में कलाकार जुगल किशोर शर्मा और उनकी टीम द्वारा केले के तनों पर की गई नक्काशी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। केले के तनों पर श्री वैष्णव संप्रदाय के संतों की मनोहारी छवियां उकेरी गई थीं। मंदिर के जगमोहन में कृत्रिम यमुना सरोवर, गोवर्धन पर्वत की आकर्षक झांकी और सजाई गई कृत्रिम नाव ने भी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। फूलों, हरियाली और धार्मिक झांकियों से सजा पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। इस अवसर पर श्रीकांत शर्मा, मुकेश मिश्रा, गोपी गोस्वामी सहित कई गणमान्य लोग भी दर्शन के लिए पहुंचे।