
पारदर्शी विकास न्यूज़ वृंदावन। सेवाकुंज क्षेत्र स्थित प्राचीन ठाकुर श्रीराधा दामोदर मंदिर में गौड़ीय संप्रदायाचार्य श्रील श्रीरूप गोस्वामी महाराज का त्रिदिवसीय तिरोभाव महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ शुरू हुआ। मंदिर की प्रधान सेवायत आचार्या श्रीमती तरुलता गोस्वामी के सानिध्य में आयोजित महोत्सव के प्रथम दिन श्रीनिताई गौरांग देव का झूलन कीर्तन, मंगल कलश स्थापना, विशेष झूलन दर्शन और शुभ अधिवास कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम हुए।मंदिर के सेवायत आचार्य कृष्ण बलराम गोस्वामी महाराज ने बताया कि 23 अगस्त को अष्टप्रहर व्यापी त्रिभुवन मंगल अखंड संकीर्तन का आयोजन होगा। 24 अगस्त को श्रील रूप गोस्वामी महाराज की समाधि स्थल एवं चरण पादुकाओं का विधिवत पूजन-अर्चन किया जाएगा।उन्होंने बताया कि इस अवसर पर श्रीगोपाल सहस्त्रनाम परायण, सूचक गान, संत-विद्वत सम्मेलन, ठाकुर श्रीराधा दामोदर लाल महाराज के श्रीरूप मंजरी स्वरूप में विशेष दर्शन, भव्य फूल-बंगला और छप्पन भोग के आयोजन होंगे। महोत्सव का समापन संत-ब्रजवासी वैष्णव सेवा एवं वृहद भंडारे के साथ किया जाएगा।वरिष्ठ सेवायत आचार्य करुण गोस्वामी महाराज और आचार्य पूर्ण चंद्र गोस्वामी महाराज ने भक्तों एवं श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर धार्मिक आयोजनों का लाभ लेने का आग्रह किया।