
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत बराबिकू के मजरा नगला पीपल में शनिवार रात शॉर्ट सर्किट से एक घर में भीषण आग लग गई। हादसे में करीब 50 हजार रुपये की नगदी, बहू के सोने-चांदी के जेवरात और घरेलू उपयोग का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार ने करीब साढ़े तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।गांव निवासी शिवलाल ने बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे वह पत्नी आशा देवी और बच्चों के साथ मकान की छत पर सो रहे थे। नीचे के कमरे में ताला लगा था। तभी रोशनदान से धुआं निकलता दिखाई दिया और जलने की तेज गंध आने लगी। नीचे पहुंचकर देखा तो कमरे में आग धधक रही थी।शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और समर्सिबल पंप की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक फ्रिज, डबल बेड, मिक्सी, कपड़े, गद्दे, रजाई, कंबल, श्रृंगारदान सहित अधिकांश घरेलू सामान जल चुका था। कमरे में रखी 50 हजार रुपये की नगदी भी आग की भेंट चढ़ गई। यह रकम शिवलाल ने कुछ दिन पहले भैंस बेचने के बाद घर में रखी थी।आग में नोएडा में निजी कंपनी में कार्यरत पुत्र राहुल की पत्नी खुशबू के सोने-चांदी के जेवरात भी नष्ट हो गए। घटना की सूचना लेखपाल तनु कटियार को दी गई है। लेखपाल ने बताया कि मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जाएगा और रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाई जा सके।