
Pardarshi Vikas News Hamirpur
हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र के कुर्रा गांव में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवाओं की मौत हो गई। चचेरी बहन की शादी के लिए लहंगा बुक कराने बाइक से जा रहे युवक-युवतियों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार कुर्रा गांव निवासी 26 वर्षीय रागिनी, 19 वर्षीय नीलम और 23 वर्षीय तेज प्रताप बाइक से राठ बाजार जा रहे थे। रास्ते में मेहर बाबा महाविद्यालय के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रागिनी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में नीलम और तेज प्रताप को उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान नीलम की मौत हो गई, जबकि तेज प्रताप ने कानपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
परिजनों ने बताया कि 25 अप्रैल को परिवार में अनीता की शादी थी। उसी के लिए रागिनी लहंगा बुक कराने गई थी। अगले दिन मंडप कार्यक्रम होना था, लेकिन हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।
रागिनी बीएड की छात्रा थी और शिक्षक बनने की तैयारी कर रही थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।