
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के नौगवां गौतम गांव में मंगलवार को सीआरपीएफ कोबरा कमांडो शहीद शैलेंद्र कुमार के द्वितीय शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। श्रद्धांजलि समारोह में सीआरपीएफ के महानिरीक्षक (आईजी) एन.के. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।समारोह में शहीद की पत्नी कोमल, मां बिजला देवी, भाई नीरज सहित परिवार के सदस्य, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रतिमा अनावरण के दौरान परिजन भावुक हो गए। सीआरपीएफ और पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर शहीद को सलामी दी।शैलेंद्र कुमार सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में तैनात थे। 23 जून 2024 को छत्तीसगढ़ के सुकमा-बीजापुर बॉर्डर पर नक्सलियों से मुठभेड़ के दौरान वह शहीद हो गए थे। अधिकारियों ने उनके साहस और राष्ट्र सेवा को याद करते हुए कहा कि उनका बलिदान देशवासियों के लिए प्रेरणा है।कार्यक्रम में पुष्पचक्र अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया। शहीद के भाई नीरज ने कहा कि शहादत के बाद घोषित शहीद द्वार का निर्माण अभी तक नहीं हो सका है। उन्होंने जल्द निर्माण की मांग उठाई। समारोह देशभक्ति और सम्मान की भावना से भरा रहा।