news-details

तेजभान सिंह के घर पहुंचीं स्मृति, परिजनों को बंधाया ढांढस

You can share this post!


दादा के साथ के क्षण याद कर भावुक हुईं स्मृति
पूर्व विधायक तेजभान सिंह भाजपा के आधार स्तंभ थे:स्मृति

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। सोमवार को दोपहर पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद स्मृति ईरानी अमेठी पहुंचीं। उन्होंने जामो ब्लॉक के अचलपुर गांव में दिवंगत पूर्व विधायक तेजभान सिंह के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।तेजभान सिंह का निधन शनिवार की सुबह लखनऊ के मैक्स हॉस्पिटल में 83 वर्ष की आयु में हुआ था। वे गौरीगंज विधानसभा से चार बार विधायक रहे थे और लोकतंत्र सेनानी के रूप में भी जाने जाते थे।स्मृति ईरानी ने दिवंगत तेजभान सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और कहा कि तेजभान सिंह का जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण का प्रतीक था। उनका जाना भाजपा और क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल, विधायक राकेश प्रताप सिंह पूर्व जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी, राम प्रसाद मिश्र, केशव सिंह, भवानीदत्त दीक्षित, महेश सोनी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।स्मृति ईरानी ने तेजभान सिंह को भारतीय जनता पार्टी का आधार स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी परिवार इस दुख की घड़ी में परिजनों के साथ खड़ा है। जब तक कार्यकर्ता संवेदनशील और संघर्षशील रहेंगे, दादा तेजभान सिंह हम सबके मध्य प्रेरणास्रोत जीवित रहेंगे। स्मृति ईरानी ने अत्यंत भावुक शब्दों में स्वर्गीय दादा तेजभान सिंह के साथ अपने आत्मीय संबंधों का स्मरण करते हुए कहा कि "वर्ष 2014 में जब मैं पहली बार अमेठी की धरती पर चुनाव लड़ने आई थी, तब दादा तेजभान सिंह प्रत्येक क्षण कंधे से कंधा मिलाकर मेरे साथ खड़े रहे। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और संगठन के प्रति अद्वितीय समर्पण सदैव मेरी प्रेरणा बना रहेगा।"उन्होंने कहा कि दादा तेजभान सिंह का संपूर्ण सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, संगठननिष्ठा, सादगी, ईमानदारी एवं जनकल्याण के उच्च आदर्शों से अनुप्राणित रहा। उनका व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा तथा उनके विचारों और मूल्यों को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी कार्यकर्ताओं का नैतिक दायित्व है।स्मृति इरानी ने दिवंगत नेता के भतीजे राजेश सिंह एवं सुनील सिंह एवं पौत्र अभ्युदय सिंह शुभम सहित समस्त शोकसंतप्त परिवारजनों को ढाढ़स बंधाते हुए हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने का विश्वास दिलाया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।स्वर्गीय दादा तेजभान सिंह का जीवन जनसेवा, राष्ट्रनिष्ठा और संगठन के प्रति अविचल समर्पण का अनुपम उदाहरण था। उनकी कर्मनिष्ठा, सरलता एवं लोकसेवा का प्रकाशपुंज सदैव समाज और कार्यकर्ताओं का पथ आलोकित करता रहेगा।

"दादा तेजभान सिंह का जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन और जनकल्याण के प्रति समर्पण का आदर्श था। वर्ष 2014 में अमेठी आने पर उनका मार्गदर्शन और स्नेह हमेशा मेरे साथ रहा। उनका निधन भाजपा परिवार और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दुख की घड़ी में पार्टी परिवार उनके परिजनों के साथ मजबूती से खड़ा है। उनके विचार और आदर्श हम सभी कार्यकर्ताओं को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।"-स्मृति