news-details

टेकुआटार में मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियां तेज

You can share this post!

 

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो

कसया, कुशीनगर। टेकुआटार में प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से विधायक पीएन पाठक ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक, गोरखपुर जोन के डीआईजी, उपजिलाधिकारी कसया सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंच, सभा स्थल, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा वीआईपी आगमन से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए ताकि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।

 

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश राव, अमरनाथ मदेशिया, पारसनाथ कुशवाहा, राधेश्याम मदेशिया, पवन मदेशिया, विनोद तिवारी, प्रदीप दुबे, रुद्र प्रकाश सिंह, शिबलू सिंह, शैलेन्द्र कुमार सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय सहयोग का भरोसा दिलाया।

 

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोग भी कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियों में जुटे हैं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान विकास परियोजनाओं और जनकल्याण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं हो सकती हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का कार्य तेजी से जारी है।