
PARDARSHI VIKASH NEWS एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में आरोपी सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह के भोपाल स्थित कटारा हिल्स स्थित घर में शनिवार-रविवार की रात चोरी की कोशिश की गई। बदमाश घर में घुसकर सोने के जेवरात और गिरिबाला सिंह व उनके बेटे समर्थ सिंह से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों की एक फाइल ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान इलाके में गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनकर चोर घबरा गए और सामान वहीं छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने चोरी के प्रयास और सामान बरामद होने की पुष्टि की है।घटना के समय गिरिबाला सिंह के भाई घर में मौजूद थे। उन्होंने बताया कि चोर घर के पिछले हिस्से से दाखिल हुए, जिससे किसी को भनक नहीं लगी। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।ट्विशा शर्मा मौत मामले में गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह 30 जून तक न्यायिक हिरासत में हैं। हाल ही में अदालत में पेशी के दौरान गिरिबाला ने जेल में अखबारों से उनके केस से जुड़ी खबरें हटाकर दिए जाने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने वकीलों से मिलने के लिए अधिक समय और बेटे के साथ संयुक्त रूप से कानूनी सलाह लेने की अनुमति भी मांगी थी। साथ ही जांच से जुड़े दस्तावेज और जब्ती पंचनामे की प्रतियां उपलब्ध कराने की मांग की थी।इससे पहले ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और प्रदेश के मुख्य न्यायाधीश से शिकायत कर लीगल एड से जुड़े कुछ वकीलों की भूमिका की जांच कराने की मांग की थी। उनका आरोप है कि आरोपी पक्ष से जुड़े लोगों और कुछ लीगल एड वकीलों के बीच संबंधों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मामले की जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है।