
डीएम ने आधी रात किया निरीक्षण, 20 से 25 दिन में मरम्मत पूरी करने के निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शहर की जर्जर सड़कों और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए मंगलवार आधी रात जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और सीडीओ अभिनव जैन ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दीपावली से पहले सभी चिन्हित सड़कों की मरम्मत पूरी करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट किया कि 20 से 25 दिनों में सड़क सुधार का काम पूरा किया जाए।लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।निरीक्षण के दौरान बताया गया कि लोक निर्माण विभाग ने करीब 73 सड़कों को मरम्मत के लिए चिन्हित किया है, जबकि नगर निगम लगभग 500 सड़कों पर मरम्मत और लेयरिंग का काम कराएगा। डीएम ने दोनों विभागों को आपसी समन्वय से गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बताया कि अगले तीन दिनों में हॉट मिक्स प्लांट शुरू होने की संभावना है। इसके बाद सड़कों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का काम तेजी से कराया जाएगा।
फजलगंज में कूड़ा मिलने पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जोन-5 के फजलगंज स्थित कूड़ा एकत्रीकरण स्थल (जीवीपी) का भी जायजा लिया। यहां अनधिकृत रूप से कूड़ा जमा मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने जोन के 39 जीवीपी को चरणबद्ध तरीके से हटाने या दूसरे स्थानों पर समाहित करने के निर्देश दिए। कूड़े को सीधे ट्रांसफर स्टेशन और पोर्टेबल कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन तक पहुंचाने को कहा।डीएम ने सफाई कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दशहरा और दीपावली तक शहर की सड़कों और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रात्रिकालीन निरीक्षण जारी रहेगा।