
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा और मूर्ति विसर्जन को लेकर बुधवार को गौरीगंज पुलिस लाइन सभागार में लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार ने पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। दोपहर 3:30 से शाम 4:15 बजे तक चली बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों की जानकारी ली गई। बैठक में आईजी सोमेन वर्मा, एसपी सरवणन टी. सहित सभी पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।एडीजी ने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठक कराने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और मूर्ति विसर्जन मार्गों का पहले से निरीक्षण कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।बैठक में साइबर अपराधों की रोकथाम, यक्ष ऐप के प्रभावी इस्तेमाल, गुमशुदा लोगों की तलाश, मिशन शक्ति अभियान और आईजीआरएस शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण की भी समीक्षा हुई। एडीजी ने पुलिसकर्मियों से संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।