
PARDARSHI VIKASH NEWS देश में इस बार मानसून तय समय से करीब 4 दिन पहले दस्तक दे सकता है। आमतौर पर मानसून 1 जून तक केरल पहुंचता है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार इस बार 25 से 27 मई के बीच इसके केरल तट पर पहुंचने की संभावना है।बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में एक मौसम प्रणाली सक्रिय हुई है, जो अगले 48 घंटे में और मजबूत हो सकती है। इसके असर से दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश बढ़ने की संभावना है और मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है।यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में मंगलवार को आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार और उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि उत्तर प्रदेश के 38 जिलों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में आंधी-तूफान और बारिश के चलते 5 घरों और 7 गोशालाओं की छतें उड़ गईं।दूसरी तरफ राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में हीटवेव का असर जारी है। सोमवार को राजस्थान का बाड़मेर देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जैसलमेर में 46.5°C, फलोदी में 45.6°C और बीकानेर में 45.3°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। मध्य प्रदेश के रतलाम में भी पारा 45°C के पार पहुंच गया।दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में 14 से 17 मई के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं असम, मेघालय और मणिपुर में भी कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर ओडिशा में भी दिखाई देगा। राज्य के कई हिस्सों में अगले 6 दिनों तक बारिश का अनुमान है। 20 जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।13 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और ओलावृष्टि का असर बना रहेगा। पंजाब और हरियाणा में तेज हवाएं चलने की संभावना है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में भी बारिश के साथ बिजली गिर सकती है।14 मई को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बिजली गिरने और बारिश की संभावना है।राजस्थान में जयपुर, भरतपुर और अलवर समेत 8 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बाड़मेर और जोधपुर में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट है। श्रीगंगानगर में सोमवार शाम बारिश के साथ ओले भी गिरे।मध्य प्रदेश में उज्जैन और धार समेत 6 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के 49 जिलों में तापमान 43 से 44°C के बीच रह सकता है।उत्तर प्रदेश के 38 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बांदा सोमवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 41.6°C दर्ज किया गया।बिहार में सभी जिलों में बारिश की संभावना है। 19 जिलों में ऑरेंज और 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले सात दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।हरियाणा में 6 जिलों में आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।उत्तराखंड के सभी जिलों में मंगलवार को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली समेत 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।