
पारदर्शी विकास न्यूज़ देवरिया। दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को सलेमपुर में प्रशासन ने मूर्ति आयोजकों के साथ बैठक की। उपजिलाधिकारी क्षितिज द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में डीजे, साउंड, झांकी, जागरण और प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। एसडीएम ने पूजा समितियों के आयोजकों से मूर्ति स्थापना स्थल, प्रतिमा की ऊंचाई और प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने सभी तैयारियां समय से पूरी करने और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजकों से कार्यक्रमों की जानकारी प्रशासन को समय से उपलब्ध कराने को कहा। एसडीएम ने कहा कि दशहरा पर्व आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाए। आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पूजा समितियां प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखें।नगर थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में आयोजकों से सहयोग की अपील की। बैठक में विसर्जन मार्ग और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई।इस दौरान विशाल गुप्ता, ओमप्रकाश प्रजापति, सोनू पांडेय, पिंकी श्रीवास्तव, श्याम श्रीवास्तव, मुन्ना रौनियार और अरविंद जायसवाल सहित अन्य आयोजक मौजूद रहे।