
पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर। रोटरी क्लब कुशीनगर ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए जिला अस्पताल परिसर स्थित दत्तकग्रहण संसाधन इकाई को आरओ वाटर प्यूरीफायर भेंट किया। इसके साथ ही केंद्र में रह रहे बच्चों को खिलौने भी दिए गए। क्लब की इस पहल से बच्चों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी, वहीं उनके चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास किया गया।दत्तकग्रहण संसाधन इकाई में वर्तमान में सात बच्चों का लालन-पालन किया जा रहा है। इनमें वे बच्चे शामिल हैं, जो माता-पिता से बिछड़ गए हैं अथवा लावारिस अवस्था में मिलने के बाद विभाग की देखरेख में यहां लाए गए हैं। केंद्र में बच्चों की देखभाल और उनकी जरूरतों को पूरा करने की जिम्मेदारी निभाई जा रही है।केंद्र में बच्चों के लिए प्रतिदिन पीने के पानी की व्यवस्था करने के लिए पहले पानी खरीदना पड़ता था। इस आवश्यकता को देखते हुए रोटरी क्लब ने आरओ वाटर प्यूरीफायर उपलब्ध कराया। इससे बच्चों को स्वच्छ पेयजल मिल सकेगा और पानी खरीदने पर होने वाला नियमित खर्च भी कम होगा। इसके साथ बच्चों को खिलौने देकर उनके मनोरंजन और भावनात्मक विकास में सहयोग करने की पहल की गई।क्लब के सह संरक्षक वाहिद अली ने कहा कि जरूरतमंद और असहाय बच्चों की सेवा करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उनकी आवश्यकताओं को समझकर देखभाल में सहयोग करना मानवीय संवेदना का परिचायक है।अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने कहा कि रोटरी क्लब सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। बच्चों के लिए स्वच्छ पेयजल और खिलौनों की व्यवस्था छोटी पहल है, लेकिन इसका उद्देश्य उनकी जरूरतों और खुशियों का ध्यान रखना है।इस अवसर पर सचिव दुर्गेश चतुर्वेदी, सह सचिव अमरेन्द्र सिंह, निदेशक अमित श्रीवास्तव सहित महिला कल्याण विभाग की ओर से नलिन सिंह, प्रीति सिंह, लक्ष्मी उपाध्याय, शशिकला कुशवाहा और रूबी मौजूद रहीं।