
PARDARSHI VIKASH NEWS पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर राजनीतिक तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। पार्टी से निष्कासित विधायक संदीपन साहा और ऋतब्रत बनर्जी ने सोमवार देर शाम विधायक हॉस्टल में कई विधायकों के साथ बैठक की, जिससे राज्य की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बैठक में पार्टी के कई असंतुष्ट विधायक शामिल हुए। निलंबित TMC नेता रिजू दत्ता ने दावा किया है कि पार्टी के 80 में से 50 से अधिक विधायक खुद को "असली तृणमूल" बताने की तैयारी में हैं। असंतोष की एक बड़ी वजह शोभनदेब चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने का फैसला भी बताया जा रहा है।संदीपन साहा और ऋतब्रत बनर्जी ने आरोप लगाया था कि नेता प्रतिपक्ष के समर्थन में विधानसभा अध्यक्ष को भेजे गए प्रस्ताव में उनके फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे। इसी विवाद के बाद पार्टी नेतृत्व ने दोनों को निष्कासित कर दिया था। निष्कासन के बाद साहा ने कहा कि पार्टी में नैतिकता की बात करना भी अब "पार्टी विरोधी गतिविधि" माना जा रहा है।वहीं, कांग्रेस नेता उदित राज ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि TMC के भीतर कार्यकर्ताओं और नेताओं में असंतोष बढ़ रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि बड़ी संख्या में विधायक बगावत करते हैं तो राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं। फिलहाल सभी की नजरें TMC नेतृत्व और असंतुष्ट विधायकों के अगले कदम पर टिकी हैं।