
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह ने बताया कि उद्यान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों में लाभ प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। योजनाओं में चयन “प्रथम आवक-प्रथम पावक” के आधार पर किया जाएगा तथा पात्र किसानों को अनुदान की धनराशि सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि इच्छुक किसान उद्यान विभाग की वेबसाइट वन यूपी हॉर्टिकल्चर पोर्टल One.uphorticulture.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के लिए किसानों को सबसे पहले अपना जनपद, नाम, आधार संख्या, मोबाइल नंबर एवं पासवर्ड दर्ज करना होगा। इसके बाद मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के उपरांत किसान को अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरनी होगी तथा आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं खतौनी से संबंधित विवरण दर्ज कर आवश्यक अभिलेख अपलोड करने होंगे। इसके बाद किसान जिस योजना या कार्यक्रम में अनुदान प्राप्त करना चाहता है, उसका चयन करेगा। आवेदन पूर्ण होने पर किसान को ऑनलाइन पावती प्राप्त हो जाएगी। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि उद्यान विभाग द्वारा संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत केला रोपण, आम रोपण, मसाला कार्यक्रम तथा सब्जी उत्पादन कार्यक्रमों में किसानों को लाभ प्रदान किया जाएगा। सब्जी कार्यक्रम में संकर लौकी, करैला, तरोई, खीरा, टमाटर, पत्तागोभी एवं फूलगोभी जैसी फसलों की खेती शामिल है। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि ऑनलाइन पंजीकरण कराने के बाद आधार कार्ड, बैंक पासबुक के प्रथम पृष्ठ की स्पष्ट छायाप्रति, जिसमें खाता संख्या एवं आईएफएससी कोड अंकित हो, तथा खतौनी की मूल प्रति जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि लक्ष्य की उपलब्धता के अनुसार समय से लाभ प्रदान किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्त कार्यक्रम किसानों को स्वयं के व्यय से एवं शासनादेश के अनुरूप करना होगा। कार्य पूर्ण होने एवं रसीद प्रस्तुत करने के बाद विभागीय सत्यापन उपरांत नियमानुसार अनुदान की राशि किसानों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी।